संविधान दिवस पर उपायुक्त ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ

 


धर्मशाला, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला में वीरवार को संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत के संविधान की उद्देशिका का पाठ करवाते हुए उसके आदर्शों एवं सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है और इसकी मूल भावना प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय, स्वतंत्रता तथा भाईचारे का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को औपचारिक रूप से अपनाया था। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करते हुए सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसेवा, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत का संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मजबूती का प्रतीक है। संविधान के आदर्शों ने भारत को एक प्रभुतासंपन्न, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतंत्रात्मक गणराज्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार, सहायक आयुक्त विवेक चैहान, एसडीएम मोहित रत्न सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया