नए जिलों के गठन पर सुधीर शर्मा की टिप्पणी राजनीति से प्रेरित : पुनीत मल्ली

 


धर्मशाला, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के बयान पर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता पुनीत मल्ली ने पलटवार किया है। मल्ली ने कहा कि नए जिलों का गठन कोई राजनीतिक शौक नहीं, बल्कि प्रशासन को जनता के दरवाजे तक पहुंचाने और दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं का समाधान करने से जुड़ा विषय है। ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर 'घर में नहीं दाने, चले भुनाने' जैसी टिप्पणी करना जनभावनाओं का मजाक उड़ाने जैसा है।

मल्ली ने कहा कि प्रदेश में नए जिलों के गठन पर चर्चा तथ्यों, जरूरतों और जनहित के आधार पर होनी चाहिए। भाजपा नेताओं को बताना चाहिए कि क्या वे चाहते हैं कि दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़े। प्रशासनिक विकेंद्रीकरण से लोगों को सुविधा मिल सकती है, लेकिन इस पर तंज कसकर मुद्दे को भटकाना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक को अपनी बात तथ्यों के आधार पर रखनी चाहिए, न कि ऐसे जुमलों के सहारे जनता के मुद्दों को हल्का करने का प्रयास करना चाहिए। हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश में भौगोलिक परिस्थितियों के कारण प्रशासनिक पहुंच और जनसुविधाओं का विशेष महत्व है। नए जिलों के गठन पर कोई भी निर्णय आर्थिक स्थिति, प्रशासनिक व्यवहार्यता और जनहित को ध्यान में रखकर होना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया