वर्दीधारी अधिकारी से दुर्व्यवहार भाजपा नेता की बाहुबली मानसिकता : मल्ली

 


धर्मशाला, 13 अक्टूबर (हि.स.)। कांगड़ा जिला के देहरा स्थित ढलियारा में बीते दिन सोमवार को भाजपा के प्रदर्शन के दौरान भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर और पुलिस अधिकारी के बीच हुए विवाद पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरते हुए कटघरे में खड़ा किया है।

गौरतलब है कि ढलियारा में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन को लेकर पुलिस और बिक्रम ठाकुर के बीच तीखी बहस हुई थी। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता पुनीत मल्ली ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री एक बाहुबली की तरह व्यवहार कर रहे हैं व उनकी बातों में शिष्टता नहीं है। मल्ली ने कहा कि राजनीति में अहंकार और रसूख कानून से बड़ा नहीं होता। प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन प्रदर्शन की आड़ में एक अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार करना कौन-सी राजनीतिक मर्यादा है?

भाजपा जब विपक्ष में होती है, तो लोकतंत्र और अधिकारों की दुहाई देती है, लेकिन जब उसके अपने नेताओं के आचरण पर सवाल उठते हैं, तो उसकी नैतिकता कहां चली जाती है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि वर्दी का सम्मान होना चाहिए, न कि वर्दी पर राजनीतिक रौब झाड़ा जाना चाहिए। कानून सबके लिए बराबर है। चाहे आम नागरिक हो या पूर्व मंत्री, किसी को भी कानून से ऊपर होने का दंभ नहीं पालना चाहिए।

मल्ली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्पष्ट कहना चाहती है कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार का नहीं। भाजपा को अपने नेताओं के आचरण पर आत्ममंथन करना चाहिए और जनता को बताना चाहिए कि क्या यही उसकी राजनीतिक संस्कृति है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री को अधिकारी से दुर्व्यवहार के लिए माफी मांगनी चाहिए अन्यथा कांग्रेस पार्टी उनका घेराव करने पर मजबूर होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया