राहुल-प्रियंका को हिरासत में लेना लोकतंत्र की आवाज दबाने की कोशिश : पुनीत मल्ली

 


धर्मशाला, 07 अक्टूबर (हि.स.)। एसआईआर के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने पर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता पुनीत मल्ली ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक तरीके से उठाए जा रहे सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सत्ता और प्रशासन का इस्तेमाल कर रही है।

बुधवार को जारी एक प्रेस बयान में पुनीत मल्ली ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी किसी निजी मुद्दे को लेकर सड़क पर नहीं उतरे थे, बल्कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवाल उठा रहे थे। ऐसे में उन्हें हिरासत में लेना भाजपा की कथित लोकतांत्रिक सोच पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा को अगर एसआईआर और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भरोसा है तो वह जवाब दे, विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेने की जरूरत क्यों पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं है और सत्ता पक्ष को सवालों से भागने के बजाय उनका जवाब देना चाहिए। मल्ली ने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति अब विपक्ष को डराने और दबाने तक सीमित होती जा रही है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने से कांग्रेस की आवाज दबने वाली नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए अपनी आवाज लगातार उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और चुनाव प्रक्रिया पर उठने वाले सवालों का समाधान पारदर्शिता से होना चाहिए, दमन से नहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया