सुधीर शर्मा की मुख्यमंत्री पर टिप्पणी के विरोध में धर्मशाला में कांग्रेस का प्रदर्शन
धर्मशाला, 06 अगस्त (हि.स.) । धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इसी बीच बुधवार को शिमला में प्रदेश भाजपा की रैली के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर विधायक सुधीर शर्मा द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में वीरवार को धर्मशाला ब्लॉक कांग्रेस ने कचहरी चौक पर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला जलाने का भी प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने पुतला जलाने नहीं दिया।
प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि विजिलेंस में दर्ज एफआईआर के कारण सुधीर शर्मा बौखलाहट में इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। जग्गी ने कहा कि सरकार कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है और यदि किसी अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी आय से अधिक संपत्ति के आरोप हैं तो उनकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि धर्मशाला की जनता ऐसे बयानों का उचित जवाब देगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया