शीतकालीन सत्र : कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन

 


धर्मशाला, 18 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों और मंत्रियों ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में रैली निकाली और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने 'एक कचौड़ी दो समोसा, जयराम तेरा क्या भरोसा' का नारा लगाया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने पूर्व भाजपा सरकार पर प्रदेश की बेशकीमती जमीन और संपत्तियां उद्योगपतियों को रियायती शर्तों पर देने के आरोप लगाए।

उन्होंने बद्दी में करीब 5 हजार बीघा जमीन 99 साल की लीज पर महज 1 रुपए में देने का मामला उठाते हुए सवाल किया कि इससे प्रदेश को क्या फायदा हुआ और कितने हिमाचली युवाओं को रोजगार मिला। सुक्खू ने कहा कि भाजपा को अपने कार्यकाल में उद्योगपतियों को जमीन देने की शर्तों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस जमीन की रजिस्ट्री पर भी शुल्क नहीं लिया गया, जबकि आम लोगों को रजिस्ट्री पर 8 प्रतिशत शुल्क देना पड़ता है। वर्तमान सरकार ने महिलाओं को राहत देते हुए इसे घटाकर 4 प्रतिशत कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने नियम-67 के तहत काम रोको प्रस्ताव लाकर जिन मुद्दों को उठाया है, उसे अपने कार्यकाल के फैसलों पर भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि काम रोको प्रस्ताव गंभीर और आपातकालीन परिस्थितियों में लाया जाता है, लेकिन भाजपा सदन में अपनी सरकार के समय के फैसलों पर जवाब देने से बच रही है।

सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की संपदा को सुरक्षित रखने के लिए सरकार इसी सत्र में विधानसभा में विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत ऐसी जमीनों के इस्तेमाल को लेकर कानूनी व्यवस्था की जाएगी, जिन्हें लोगों से अधिग्रहित तो कर लिया गया, लेकिन उन पर अभी तक कोई काम शुरू नहीं हुआ है।

मुख्यमंत्री ने धारा 118 के तहत सैकड़ों बीघा जमीन देने के भाजपा के आरोपों पर कहा कि केवल आरोप लगाने से कुछ नहीं होगा, भाजपा संबंधित दस्तावेज भी सामने रखे। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में धारा 118 के तहत सैकड़ों बीघा जमीन देने का कोई मामला नहीं है। सरकार इस पूरे मामले पर श्वेत पत्र लाएगी।

गौरतलब है कि पिछले कल सदन के दूसरे दिन भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमीनों की खरीदो फरोख्त के मामले में भ्रष्टाचार और फर्जी रजिस्टरी को लेकर इसी तरह विरोध प्रदर्शन किया था।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया