ढलियारा कॉलेज का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह, विधायक कमलेश ठाकुर ने पुरस्कृत किए मेधावी

 


धर्मशाला, 07 मार्च (हि.स.)। राजकीय महाविद्यालय ढलियारा देहरा में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में विधायक देहरा कमलेश ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। समारोह में शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक तथा अन्य क्षेत्रों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले महाविद्यालय के विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा खूबसूरत आकर्षक व रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं, अभिभावकों तथा स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कमलेश ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार के सफल प्रयासों से शिक्षा में उत्कृष्टता स्थापित हो रही है उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शासन व्यवस्था, पाठयक्रम निर्माण और संस्थागत जवाबदेही में सुधार लाकर शिक्षा को अधिक पारदर्शी, परिणामोन्मुखी और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विशेष रूप से ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। समारोह के अवसर पर बी.वोक के विद्यार्थियों द्वारा फूड फेस्टिवल का सफलतापूर्वक आयोजन भी किया गया।

इससे पूर्व राजकीय महाविद्यालय ढलियारा के प्रधानाचार्य डॉ अंजु चौहान ने महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक, खेल तथा सांस्कृतिक उपलब्धियों के अलावा महाविद्यालय में चल रहे विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने शैक्षणिक, खेल तथा सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया