मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निवारण सुनिश्चित करें अधिकारी : उपायुक्त
धर्मशाला, 16 सितंबर (हि.स.)। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निवारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। बुधवार को उपायुक्त कार्यालय में जिला कांगड़ा में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त हेमराज बैरवा ने यह निर्देश दिए। बैठक में जिला में चल रही योजनाओं, लंबित कार्यों, वित्तीय प्रगति तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। इनमें आरजीएसए के अंतर्गत सामुदायिक सेवा केंद्रों (सीएससी) के निर्माण एवं उपयोगिता प्रमाण पत्र, नवगठित ग्राम पंचायतों में पंचायत घरों के निर्माण की स्थिति, 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत व्यय, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों तथा पंचायती राज संस्थाओं से संबंधित लंबित जांच मामलों की स्थिति शामिल रही।
उपायुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) के तहत खंड विकास अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्लास्टिक कचरे के संग्रहण के लिए व्यवस्थित रूट प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने पंचायत स्तर पर प्लास्टिक को एकत्रित करने के साथ-साथ डोर-टू-डोर कलेक्शन की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि प्लास्टिक कचरे का उचित संग्रहण एवं प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि पंचायत स्तर पर विभिन्न प्रमाण पत्र तैयार करने तथा अन्य सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए पंचायत घरों का उपयुक्त स्थान पर होना अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवगठित एवं विभाजित ग्राम पंचायतों के पंचायत घरों के निर्माण और भूमि संबंधी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया