सीएचसी बीड़ में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित, आय व्यय और विकास कार्यों पर चर्चा
धर्मशाला, 27 अप्रैल (हि.स.)। बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल की अध्यक्षता में सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीड़ में रोगी कल्याण समिति की बैठक का आयोजन किया गया जिसमें अस्पताल की व्यवस्थाओं, आय-व्यय तथा विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान समिति द्वारा अस्पताल की आय एवं व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया तथा उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया गया। साथ ही भविष्य में आवश्यक कार्यों के लिए बजट प्रबंधन एवं प्राथमिकताओं को निर्धारित करने पर भी विस्तृत चर्चा की गई ।
इस दौरान अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न मरम्मत एवं रख-रखाव कार्यों पर चर्चा की गई। इसमें जल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार, वाटर फिल्टर की व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम की देखरेख तथा अस्पताल परिसर की स्वच्छता को प्राथमिकता देने के विषय शामिल रहे।
बैठक में अस्पताल के प्रांगण में हर्बल गार्डन विकसित करने पर भी विशेष चर्चा की गई, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मरीजों को स्वच्छ और हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इसके अतिरिक्त परिसर के सौंदर्यीकरण और बागवानी कार्यों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के दौरान पुराने एवं खराब हो चुके उपकरणों को बदलने, नए उपकरण खरीदने, फर्नीचर की व्यवस्था तथा कायाकल्प योजना के दिशा-निर्देशों को प्रभावी रूप से लागू करने पर भी चर्चा की गई ।
विधायक किशोरी लाल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी आवश्यक सेवाएं समयबद्ध और सुचारु रूप से उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अस्पताल में आवश्यक विद्युत उपकरण, इमरजेंसी दवाइयों की उपलब्धता तथा मशीनरी के नियमित रख-रखाव को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया