मांगों को लेकर चंबा वासियों ने विधानसभा परिसर से जोरावर स्टेडियम तक निकाली मौन रैली
धर्मशाला, 16 नवंबर (हि.स.)। चंबा जिले की स्वास्थ्य और परिवहन व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सोमवार को चंबा वासियों ने तपोवन विधानसभा परिसर के बाहर से जोरावर स्टेडियम तक काले झंडे लेकर मौन जुलूस निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की कमी, मरीजों को पेश आ रही परेशानियों तथा एच.आर.टी.सी. के लगातार घटते बस रूटों को लेकर सरकार के खिलाफ रोष जताया।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को ज्ञापन भेजकर जिले की प्रमुख समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज चंबा में डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को उपचार के लिए घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। जुलाई माह में मेडिकल कॉलेज में एक युवक और मासूम बच्ची की मौत के मामलों की जांच के आदेश दिए गए थे, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है। न ही जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। ऐसे में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मिंजर मेले के दौरान सरोल में मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन कर दिया गया, लेकिन वहां अभी महज तीन ओ.पी.डी. ही शुरू हो पाई हैं। रोजाना करीब 10 से 12 मरीज ही उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। यदि मेडिकल कॉलेज को सरोल में शिफ्ट करना है तो सभी ओ.पी.डी. एक ही स्थान पर शुरू की जाएं, ताकि मरीजों को अलग-अलग जगह भटकना न पड़े। इसके अलावा ट्रामा सेंटर शुरू न होने के कारण दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को भी टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने एचआरटीसी चंबा की बदहाल व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि पहले जिले में करीब 202 रूटों पर बसें चलती थीं, लेकिन बसों की कमी के चलते अब केवल 115 से 120 रूट ही सुचारू रह गए हैं। वहीं, बसों के रखरखाव के लिए करीब 222 मैकेनिकल कर्मचारियों की जरूरत के मुकाबले महज 49 कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। कर्मचारियों की कमी के कारण बसों का संचालन और मरम्मत व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने जिले की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए इलेक्ट्रिक बसों के साथ डीजल बसें उपलब्ध करवाने की भी मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया