धर्मशाला में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर खुलने से करीब एक लाख परिवारों को होगा फायदा : सुधीर शर्मा
धर्मशाला, 31 अक्टूबर (हि.स.)। धर्मशाला के विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (सीजीएचएस) के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में वेलनेस सेंटर खोला जाना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में सीजीएचएस का एक वेलनेस सेंटर शिमला में संचालित है और अब दूसरा वेलनेस सेंटर धर्मशाला में खुलने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला में इस वेलनेस सेंटर के शुरू होने से भारत सरकार के विभिन्न विभागों में कार्यरत केंद्रीय कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों (पेंशनभोगियों) और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से निचले हिमाचल के लगभग एक लाख परिवारों को इस सुविधा का लाभ मिलने की उम्मीद है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि इस वेलनेस सेंटर के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं निर्धारित दवाइयां उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त, सेंटर से रेफर किए गए मरीज सीजीएचएस के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में निर्धारित नियमों के अनुसार उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। इससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में भटकने की आवश्यकता भी कम होगी। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में इस सुविधा का उपलब्ध होना न केवल केंद्रीय कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए राहत की बात है, बल्कि पूरे निचले हिमाचल क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
सुधीर शर्मा ने इस जनहितकारी पहल के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया