एचपीसीयू का कयूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स : सस्टेनेबिलिटी 2027 में बेहतर पदार्पण, भारत में 74वां तथा एशिया में 584वां स्थान पाया
धर्मशाला, 29 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश ने शैक्षणिक एवं संस्थागत उत्कृष्टता की दिशा में अपनी यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है। विश्वविद्यालय ने कयूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स : सस्टेनेबिलिटी 2027 में शानदार पदार्पण करते हुए भारत में 74वां तथा एशिया में 584वां स्थान प्राप्त किया है। विश्वविद्यालय ने समग्र वैश्विक रैंकिंग में 1501+ बैंड में स्थान हासिल किया है तथा उसका समग्र स्कोर 37.6 रहा है। वहीं, सोशल इम्पैक्ट (सामाजिक प्रभाव) श्रेणी में विश्वविद्यालय ने 1251+ वैश्विक बैंड में स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि वर्ष 2027 की टाइम्स हायर एजुकेशन तथा कयू रैंकिंग्स में विश्वविद्यालय की उत्साहजनक उपस्थिति के बाद एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
वैश्विक स्थिरता मूल्यांकन में प्रतिष्ठित संस्थानों के समकक्ष सीयू
विश्वविद्यालय का 1501+ वैश्विक बैंड में स्थान इसे देश के कई प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों के समकक्ष रखता है। इनमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी, आईआईटी रोपड़, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कर्नाटक, एनआईटी वारंगल, तेजपुर विश्वविद्यालय तथा कलकत्ता विश्वविद्यालय शामिल हैं, जिन्होंने भी इस वैश्विक बैंड में स्थान प्राप्त किया है।
उधर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने पूरे विश्वविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के लिए यह उपलब्धि विशेष रूप से उत्साहजनक है, क्योंकि इसके माध्यम से विश्वविद्यालय ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त स्थिरता मूल्यांकन प्रणाली में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। यह उपलब्धि संस्थागत प्रदर्शन को और बेहतर बनाने तथा वैश्विक स्तर पर अपनी सहभागिता एवं पहचान को सुदृढ़ करने के लिए एक महत्वपूर्ण आधार प्रदान करती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया