कैप्टन राम सिंह ठाकुर को पद्मश्री दिलाने की मुहिम तेज, खनियारा में होगा फुटबॉल टूर्नामेंट
धर्मशाला, 06 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता सेनानी एवं विश्वविख्यात संगीतकार कैप्टन राम सिंह ठाकुर को पद्मश्री सम्मान दिलाने की मुहिम तेज हो गई है। कैप्टन राम सिंह ठाकुर मेमोरियल विकास समिति, खनियारा के अध्यक्ष विजय शमशेर भंडारी ने बताया कि हिमाचल पंजाब गोरखा एसोसिएशन (एचपीजीए) की ओर से इस संबंध में आवश्यक दस्तावेज तैयार कर राज्य सरकार को भेज दिए गए हैं। राज्य सरकार के माध्यम से यह प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रक्रिया अंतिम चरण में है और शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय सामने आ सकता है।
वीरवार को धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में विजय शमशेर भंडारी ने बताया कि कैप्टन राम सिंह ठाकुर की स्मृति में 13 से 15 अगस्त तक खनियारा के फुटबॉल मैदान में तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में 15 से 16 टीमें भाग लेंगी। खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए वाटरप्रूफ टेंट, चिकित्सा सुविधा, जलपान सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में सेवानिवृत्त डीआईजी विनोद मुख्य अतिथि होंगे, जबकि 14 अगस्त को कर्नल महेश गुरुंग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि के नाम की घोषणा जल्द की जाएगी। भंडारी ने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों के प्रति प्रेरित करना भी है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में कैप्टन राम सिंह ठाकुर के सम्मान में संगीत प्रतियोगिता आयोजित करने की भी योजना है, ताकि उनके अद्वितीय संगीत योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराया जा सके। उन्होंने खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया