धर्मशाला में बड़ा हादसा टला, बेकाबू निजी बस डीसी ऑफिस की दीवार से टकराई, स्कूली बच्चों समेत 12 घायल
धर्मशाला, 12 जून (हि.स.)। कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला के व्यस्ततम क्षेत्र सिविल बाजार में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। धर्मशाला से पालमपुर की ओर जा रही एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सीधे डीसी ऑफिस की दीवार से जा टकराई। इस खौफनाक हादसे में स्कूली बच्चों समेत करीब 12 लोग घायल हो गए हैं। इस दौरान एक छोटा टैंपो भी बस की चपेट में आ गया, जिससे टैंपो चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई हैं।
बाल-बाल बचे स्कूली बच्चे
यह हादसा दोपहर के उस वक्त पेश आया, जब स्कूलों की छुट्टी होने के कारण बड़ी संख्या में बच्चे पैदल ही अपने घरों की ओर जा रहे थे। गनीमत यह रही कि बेकाबू बस सीधे बच्चों की भीड़ की तरफ नहीं गई, अन्यथा एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था।
बस चालक सुरिंदर पाल के अनुसार सिविल बाजार क्षेत्र में भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ था। जैसे ही उसने बस को आगे बढ़ाने की कोशिश की, अचानक बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। चालक का दावा है कि सामने मौजूद भीड़ को बचाने और किसी बड़े हादसे को टालने के लिए उसने सूझबूझ दिखाते हुए बस को जानबूझकर डीसी ऑफिस की दीवार की तरफ मोड़ दिया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए प्रशासन की मदद से सभी घायलों को जोनल अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, राहत की बात यह है कि किसी भी घायल की स्थिति गंभीर नहीं है। सभी को हल्की व मध्यम चोटें आई हैं। एहतियात के तौर पर घायलों के सिटी स्कैन और एक्स-रे किए जा रहे हैं, जबकि घायल बच्चों को डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस ओवरटेक करने की जल्दबाजी समेत सभी एंगल्स से दुर्घटना के असल कारणों की पड़ताल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया