सुक्खू सरकार का बजट शब्दों व आंकड़ों का भ्रम जाल : संजय शर्मा

 


धर्मशाला, 21 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को 'निराशाजनक' और 'राज्य की प्रगति पर ब्रेक' लगाने वाला करार दिया है। भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा ने जारी एक बयान में बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार बजट के आकार में लगभग 4,000 करोड़ की कटौती को दर्शाता है, जो सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने पूरे बजट भाषण में विकास की नई राह दिखाने के बजाय केंद्र सरकार और रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट को बंद करने का रोना रोया है। अपनी प्रशासनिक अक्षमता को छिपाने के लिए केंद्र पर दोषारोपण करना अब इस सरकार की परिपाटी बन चुकी है। जबकि हकीकत यह है कि केंद्र सरकार ने टैक्स डिवोल्यूशन के माध्यम से हिमाचल को रिकॉर्ड सहायता प्रदान की है। पिछले वर्ष के 58,514 करोड़ के मुकाबले इस बार बजट को घटाकर 54,928 करोड़ करना यह साबित करता है कि प्रदेश में विकास कार्य ठप हो चुके हैं। यह राज्य के युवाओं, किसानों और बागवानों के साथ विश्वासघात है।

भाजपा प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की जनता इस दिशाहीन बजट को स्वीकार नहीं करेगी। सदन से लेकर सड़क तक भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और झूठी घोषणाओं का पर्दाफाश करेगी। सरकार को चाहिए कि वह श्वेत पत्र जारी कर बताए कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश के कर्ज और विकास की वास्तविक स्थिति क्या है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया