बोर्ड परीक्षाओं में प्रश्न-पत्रों का नया स्वरूप लागू, प्रश्नों का रहेगा संतुलित समावेश

 


धर्मशाला, 28 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं परख के अनुरूप मार्च-2027 में आयोजित होने वाली कक्षा 10वीं एवं 12वीं की वार्षिक बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्न-पत्रों के स्वरूप में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि नए परीक्षा पैटर्न के अनुसार प्रश्न-पत्रों में 50 प्रतिशत औसत स्तर, 30 प्रतिशत आसान स्तर तथा 20 प्रतिशत कठिन स्तर के प्रश्न शामिल किए जाएंगे, जिससे सभी स्तर के विद्यार्थियों को अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन करने का अवसर प्राप्त हो सके।

डॉ. शर्मा ने बताया कि प्रश्न-पत्रों में लगभग 20 प्रतिशत बहुविकल्पीय प्रश्न भी शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त केस स्टडी, योग्यता आधारित एवं अवधारणात्मक प्रश्नों को प्रमुखता दी जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की केवल रटने की क्षमता नहीं, बल्कि तार्किक सोच, विश्लेषणात्मक क्षमता, समस्या समाधान कौशल तथा वास्तविक जीवन की परिस्थितियों में ज्ञान के अनुप्रयोग का भी समुचित मूल्यांकन किया जा सके।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुविधा के लिए संशोधित परीक्षा पैटर्न के अनुरूप विषयवार मॉडल प्रश्न-पत्र एवं अंक विभाजन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट में उपलब्ध करवा दिए गए हैं। इन मॉडल प्रश्न-पत्रों के माध्यम से परीक्षार्थी प्रश्नों की प्रकृति, कठिनाई स्तर तथा उत्तर लेखन की शैली से पूर्व परिचित हो सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया