कांग्रेस सरकार की नाकामियों को लेकर चुनाव में उतरी है भाजपा : सुधीर शर्मा

 


धर्मशाला, 07 मई (हि.स.)। धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने वीरवार को जिला परिषद चुनाव में भाजपा द्वारा उतारे गए नए दो चेहरों के साथ कचहरी चौक स्थित हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना के बाद उनके नामांकन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। इस मौके पर उनके साथ जिला कांगड़ा भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा, धर्मशाला भाजपा मंडल अध्यक्ष विशाल नहरिया व प्रदेश भाजपा के मीडिया सह प्रभारी विश्व चक्षु सहित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। वीरवार को झिकली इच्छी वार्ड नम्बर 9 से सतीश चौधरी व सोकनी द कोट वार्ड नम्बर 12 से सीमा देवी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

इस मौके पर सुधीर शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नगर निगम, जिला परिषद व पंचायत चुनावों में भाजपा द्वारा सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है तथा चुनाव में किस प्रकार से कार्य करना है उन्हें इस बारे गाइडलाइन जारी की गई हैं। चुनावों में इन पदाधिकारियों ने कार्य करना भी शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा कि हालांकि जिला परिषद व पंचायती चुनावों में सिंबल नहीं है फिर भी भाजपा ने अपने उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद चुनावो में पूरे प्रदेश में भाजपा द्वारा सूची भी जारी की गई है तथा ऊपरी स्तर से लेकर बूथ स्तर तक चर्चा के उपरांत ही भाजपा ने अपने उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतारा है।

सुधीर शर्मा ने फिर दोहराया कि संगठन पूरी मजबूती के साथ नगर निगम बनाएगा। उन्होंने कहा मतदान के बाद चुनावी नतीजे भाजपा के पक्ष में ही आएंगे।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर हमला बोलते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि पिछले 4 सालों में सरकार की नाकामियां तथा कांग्रेस सरकार द्वारा जन मानस से किए गए झूठे वादों को लेकर भाजपा के कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने प्रदेश के जो हालात खराब किए हैं वह जनता से छिपे हुए नहीं है। इन चुनावों में प्रदेश की जनता सुक्खू सरकार को करारा जवाब देने के लिए तैयार बैठी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया