मोदी सरकार ने आपदा राहत के लिए 193.95 करोड़ की किस्त की जारी : संजय शर्मा
धर्मशाला, 02 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) के तहत 193.95 करोड़ की अग्रिम किस्त जारी किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया है। रविवार को धर्मशाला से जारी एक प्रेस बयान में संजय शर्मा ने कहा कि मानसून के इस कठिन समय में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। मोदी सरकार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रदेश की जनता के सुख-दुख में केंद्र सदैव चट्टान की तरह खड़ा है। आपदा की स्थिति से निपटने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्यों को गति देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026–27 की केंद्रीय अंश की यह दूसरी किस्त समय से पहले जारी की गई है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल से विशेष लगाव है। प्रदेश में मानसून और प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न परिस्थितियों के बीच 193.95 करोड़ की यह राशि राहत कार्यों, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की बहाली में बेहद मददगार साबित होगी।
संजय शर्मा ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि केंद्र से प्राप्त इस सहायता राशि का उपयोग पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ जमीनी स्तर पर प्रभावित लोगों तक पहुंचाने के लिए बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के किया जाए। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की देरी या ढिलाई नहीं होनी चाहिए ताकि आपदा प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया