मोदी सरकार ने कैंसर की दवाएं सस्ती कर दी राहत, सुक्खू सरकार में रोगी आहत : राकेश शर्मा
धर्मशाला, 03 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा ने हिमाचल प्रदेश में कैंसर मरीजों को समय पर दवाएं और उपचार सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने की शिकायतों को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जीवनरक्षक दवाओं की कीमतें कम करके कैंसर रोगियों को आर्थिक राहत पहुंचाने का प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश में मरीजों को दवाओं की अनुपलब्धता, उपचार में देरी और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को जारी एक प्रेस बयान में राकेश शर्मा ने कहा कि कैंसर के मरीज पहले ही गंभीर बीमारी से लड़ रहे हैं, ऐसे में उन्हें दवाओं और उपचार की व्यवस्था के लिए भी संघर्ष करना पड़े, यह अत्यंत चिंताजनक है। सरकार का पहला दायित्व है कि गंभीर रोगियों को समय पर उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध हों।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कैंसर की दवाओं की कीमतों में की गई कटौती से मरीजों को महत्वपूर्ण आर्थिक राहत मिलने की जानकारी सामने आई है। उपलब्ध विवरण के अनुसार 543 में से 397 कैंसर दवाओं के दामों में कटौती दर्ज की गई है, जिनमें कुछ दवाओं की कीमतें 93 प्रतिशत तक कम होने का दावा किया गया है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र सरकार के स्तर पर दवाओं को सस्ता करने का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में वे दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हों। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में कई कैंसर मरीजों को आयुष्मान भारत और हिमकेयर जैसे स्वास्थ्य कार्ड होने के बावजूद कीमोथेरेपी तथा महंगी दवाओं की उपलब्धता को लेकर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को बाहर के निजी मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदने की नौबत आने की शिकायतें गंभीर हैं और इनकी तत्काल जांच होनी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया