टॉपलेस, शेमलेस, ब्रेनलेस और फेसलेस राजनीति का पर्याय बन चुकी है कांग्रेस : संजय शर्मा

 


धर्मशाला, 22 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा ने 'ग्लोबल एआई समिट' के दौरान कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन की तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज 'टॉपलेस, शेमलेस, ब्रेनलेस और फेसलेस' राजनीति का पर्याय बन चुकी है। संजय शर्मा ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया को तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दिशा दिखा रहा है, तब कांग्रेस के कार्यकर्ता कपड़े उतारकर देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को धूमिल करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। भारत मंडपम में जो कुछ युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने किया है वो असहनीय ही नहीं बल्कि हर भारतीय की विशेषकर युवा पीढ़ी की छवि को विश्व स्तर पर धूमिल करने वाला कृत्य है।

रविवार को जारी एक प्रेस बयान में भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि टॉपलेस कांग्रेस का नेतृत्व अब पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। इनके पास न कोई मुद्दा बचा है और न ही नैतिकता। विदेशी प्रतिनिधियों के सामने इस तरह का प्रदर्शन कांग्रेस की मर्यादा विहीन राजनीति को दर्शाता है। शैमलेस कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का अपमान करना इसके डीएनए में शामिल हो चुका है। समिट जैसे गरिमामयी आयोजनों में बाधा डालना बेहद शर्मनाक है। ब्रेनलेस कांग्रेस जब दुनिया भविष्य की तकनीक पर चर्चा कर रही है, तब कांग्रेस के पास न कोई विजन है और न ही समझ। उनका विरोध पूरी तरह तर्कहीन और बुद्धिहीनता से प्रेरित है। फेसलेस कांग्रेस आज एक बिना चेहरे वाली पार्टी बन गई है, जिसके पास न कोई स्पष्ट नेता है और न ही कोई नीति। वे केवल अराजकता फैलाकर अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपने राजनीतिक गुरु और मार्गदर्शक सैम पित्रोदा के कहने पर पहले तो विदेशों में भारत की छवि ख़राब करने का काम करते थे अब उन्हीं के कहने के ऊपर राहुल गांधी ने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा भारत में ही रहते हुए इसकी छवि विश्व स्तर पर ख़राब करने का षड्यंत्र किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया