सुक्खू सरकार ने हिमाचल को टैक्स राज्य में बदला : संजय शर्मा

 


धर्मशाला, 31 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने प्रदेश की वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सुक्खू सरकार हिमाचल प्रदेश को पर्यटन अनुकूल बनाने के बजाय टैक्स राज्य में तब्दील कर चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां अब आम जनता और पर्यटकों की जेब पर डाका डालने वाली हो गई हैं। प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं और सरकार का पूरा ध्यान केवल जनता से वसूली करने पर केंद्रित होकर रह गया है।

मंगलवार को जारी एक प्रेस बयान में संजय शर्मा ने कहा कि त्रियुंड जैसे प्रसिद्ध ट्रैकिंग रूट पर भारी-भरकम एंट्री फीस और वाहनों पर लगने वाले बेतहाशा प्रवेश शुल्क के बाद अब सरकार की नजर पैदल चलने वालों पर है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली को देखते हुए ऐसा प्रतीत होता है कि शिमला मॉल रोड, मनाली मॉल रोड, मंडी, सोलन, कुल्लू, चंबा चौगान और धर्मशाला-मैक्लोडगंज जैसे मुख्य शहरों के सार्वजनिक रास्तों पर भी जल्द ही पैदल चलने वालों की पर्ची काटना (एंट्री फीस लेना) शुरू कर दिया जाएगा।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि हिमाचल की अर्थव्यवस्था पूरी तरह पर्यटन पर टिकी है, लेकिन सरकार द्वारा जगह-जगह लगाए जा रहे इन नए शुल्कों से पर्यटक अब हिमाचल आने से कतराने लगे हैं। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का नारा देने वाली सरकार की असली परिभाषा अब केवल नए टैक्स थोपना रह गई है।

संजय शर्मा ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार ने इन जनविरोधी टैक्सों और शुल्कों को तुरंत वापस नहीं लिया, तो भारतीय जनता पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर इस वसूली तंत्र का पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने सरकार को आगाह किया कि जनता की जेब पर बोझ डालने वाली इस कार्यप्रणाली का जवाब आने वाले समय में प्रदेश की जनता कड़े सबक के रूप में देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया