भारत की छवि खराब करने वाले आरोपी यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को बचा रही प्रदेश सरकार : बिंदल
धर्मशाला, 28 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष राजीव बिंदल ने शनिवार को धर्मशाला में पत्रकार सम्मेलन के दौरान तीन यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कस्टडी को लेकर दिल्ली और हिमाचल प्रदेश पुलिस के बीच टकराव पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत की छवि खराब करने के आरोपी यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिमाचल सरकार बचा रही है। उन्होंने कहा कि गत दिनों जो कुछ हुआ है, वह हिमाचल के इतिहास में कभी नहीं हुआ।
उन्होंने सुक्खू सरकार पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कानूनी प्रक्रिया अपनाने के बजाय सरकार ने कानूनी गिरफ्तारी करने आई दिल्ली पुलिस टीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके कानून लागू करने वाली एजेंसियों के बीच टकराव पैदा कर दिया। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि दिल्ली पुलिस कोर्ट के आदेशों समेत कानूनी प्रक्रिया के तहत हिमाचल प्रदेश आई थी। हालांकि, हिमाचल पुलिस ने कथित तौर पर दिल्ली पुलिस कर्मियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया और उनकी कार्रवाई में बाधा डाली।
उन्होंने कहा जब कोई राज्य सरकार राजनीतिक हितों के लिए एक पुलिस बल को दूसरे के खिलाफ खड़ा करती है, तो यह संवैधानिक शासन के लिए सही नही है। उन्होंने कहां की प्रदेश में वन माफिया नशा माफिया, ट्रांसफर माफिया, चिट्टा माफिया सक्रिय है। जो कर्मचारी व अधिकारी कानून की रक्षा के लिए तैनात किए गए हैं वह खुद आज सुरक्षित नहीं है। कांग्रेस ने 40 महीनों में प्रदेश की जनता को 40 जख्म दिए हैं। प्रदेश में स्कूलों को बंद करने पर बिंदल ने कहा कि वर्तमान सरकार की निजी स्कूलों के साथ मिलीभगत है। जहां भी स्कूल बंद होते हैं, वहां नया निजी स्कूल खुल जाता है। इससे साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस सरकार सरकारी स्कूलों को बंद कर निजी स्कूलों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया