कांग्रेस राज में कानून व्यवस्था बदहाल, भ्रष्टाचार चरम पर : डॉ. बिंदल
धर्मशाला, 15 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने हाल ही में सामने आए चेस्टर हिल जमीन घोटाले और 19 वर्षीय छात्रा की निर्मम हत्या को जोड़ते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश आज कांग्रेस शासन में अराजकता और अव्यवस्था का प्रतीक बन चुका है।
पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार को भाजपा ग्रामीण एवं शहरी मंडलों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने यह आरोप लगाए। उन्होंने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की जनविरोधी और निकम्मी कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार मात्र 6 लाख सालाना आय दिखाने वाला व्यक्ति करोड़ों रुपये की 275 बीघा जमीन खरीद लेता है। यह सीधा संकेत है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार किस स्तर तक पहुंच चुका है।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ जमीन का मामला नहीं, बल्कि हिमाचल की आत्मा को बेचने की साजिश है। कांग्रेस राज में हिमाचल ‘ऑन सेल’ लगा हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह संदिग्ध भूमिका में है और अधिकारी आपसी टकराव में उलझे हुए हैं, जिसके कारण न तो भ्रष्टाचार पर कार्रवाई हो रही है और न ही जनता को न्याय मिल रहा है।
सरकाघाट में 19 वर्षीय छात्रा की नृशंस हत्या का जिक्र करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि यह घटना पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाली है। आरोपी को 15 दिनों तक शमशान में बैठे देखा जाता रहा और किसी को भनक तक नहीं लगी, यह कांग्रेस सरकार की नाकामी और कानून व्यवस्था के पूर्ण पतन का जीता-जागता उदाहरण है। डॉ बिंदल ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है। आज हिमाचल में बेटी सुरक्षित नहीं, जमीन सुरक्षित नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया