सुधीर शर्मा ने हेट स्पीच पर सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणी का किया स्वागत

 


धर्मशाला, 02 मई (हि.स.)। धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने हेट स्पीच पर सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणी का स्वागत किया है। साथ ही उन्होंने हमीरपुर सदर से विधायक आशीष शर्मा के चाचा और भाई को जमानत मिलने को भी सच्चाई की जीत बताया है। शनिवार को धर्मशाला से जारी बयान में सुधीर शर्मा ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने हेट स्पीच के मुद्दे पर महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा है कि ऐसी भाषा संविधान के मूल मूल्य बंधुत्व के खिलाफ है और समाज की नैतिक संरचना को कमजोर करती है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि अदालत ने सभी नागरिकों और सार्वजनिक व्यक्तियों से अपील की कि वे अपने शब्दों के प्रभाव को समझें और जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखें। सुधीर शर्मा ने कहा कि हम सभी को शब्दों का सही चयन करना चाहिए। शब्दों का सही चयन ही समाज को नई दिशा दे सकता है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि देश भर और हिमाचल में कांग्रेस नेता जिस स्तर की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, उससे आमजन आहत है। शर्मा ने कहा कि ‘हम’ और ‘वे’ की भावना ही समाज में विभाजन का कारण बनती है। भाजपा हर वर्ग का सम्मान करती है। भाजपा ही एकमात्र पार्टी है, जो आम परिवार से जुड़े लोगों को आगे बढ़ने का मौका देती है। दूसरी ओर सुधीर शर्मा ने हमीरपुर सदर विधायक आशीष शर्मा के चाचा प्रवीण शर्मा और भाई उमेश शर्मा को सेशन जज हमीरपुर की अदालत से जमानत मिलने के फैसले का स्वागत किया है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्हें न्याय प्रणाली पर भरोसा है। यह सच्चाई की जीत है। शर्मा ने कहा कि षडयंत्र की राजनीति के लिए प्रदेश में कोई स्थान नहीं है। हिमाचल में सत्तारूढ़ दल कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में काम ठप रखे हैं। आमजन से लेकर कर्मचारी और पेंशनरों को उनका भुगतान नहीं हो रहा है। सरकार की नाकामी से पूरे प्रदेश में काम ठप हैं। जहां भाजपा के विधायक हैं, उन क्षेत्रों में सारे काम जानबूझकर रोके जा रहे हैं। जनता निकाय और पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस को करारा जवाब देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया