हिमाचल के अंब अंदौरा स्टेशन को 'अमृत स्टेशन' का दर्जा मिलने से मिली नई पहचान : विशवचक्षु

 


धर्मशाला, 17 जुलाई (हि.स.)।

विकसित भारत के संकल्प को साकार करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का वर्चुअल माध्यम से भव्य उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर हिमाचल प्रदेश के अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन को भी नई पहचान मिली है। इस उपलब्धि पर शुक्रवार को जारी एक प्रेस बयान में हिमाचल प्रदेश भाजपा मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने कहा कि मोदी सरकार ने रेल को सिर्फ सफर का साधन नहीं, बल्कि विकास का इंजन बना दिया है। अंब अंदौरा अमृत स्टेशन का उद्घाटन हिमाचल के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि अंब अंदौरा स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर ऊना-हमीरपुर क्षेत्र का प्रमुख प्रवेश द्वार बनेगा। यहां यात्रियों के लिए विश्वस्तरीय वेटिंग हॉल, दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल, फूड कोर्ट, सोलर पावर और अत्याधुनिक यात्री सूचना प्रणाली लगाई गई हैं।

एडवोकेट विश्व चक्षु ने कहा कि पहले रेलवे स्टेशन सिर्फ प्लेटफार्म हुआ करते थे, आज मोदी सरकार ने उन्हें शहर की नई पहचान बना दिया है। 75 अमृत स्टेशन एक साथ शुरू करके प्रधानमंत्री जी ने यह साबित कर दिया कि इंफ्रास्ट्रक्चर ही विकसित भारत की रीढ़ है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार सीधे पर्यटन, रोजगार और स्थानीय व्यापार से जुड़ा है। अंब अंदौरा स्टेशन के पुनर्विकास से पूरे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा।

भाजपा प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी ने हिमाचल की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार में हिमाचल में विकास की रेल लगातार तेज गति से दौड़ रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया