टोल, टैक्स और ट्रांसपोर्ट को लेकर सरकार के फैसलों ने बढ़ाई जनता की परेशानी : विश्व चक्षु
धर्मशाला, 02 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी विश्व चक्षु ने हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सदन के बाहर हो या अंदर मुख्यमंत्री हर मोर्चे पर फेलियर की लिस्ट में टॉप पॉजिशन पर विराजमान हैं। जनता से झूठ बोलकर फरेब की कुर्सी पर बैठे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल और यहां की जनता को 100 साल पीछे धकेल दिया है।
वीरवार को जारी एक प्रेस बयान में भाजपा नेता विश्वचक्षु ने कहा कि एंट्री टैक्स पर मुख्यमंत्री सुक्खू हिमाचल और पंजाब को बरगला रहे हैं। पहले मुख्यमंत्री एंट्री टैक्स को बढ़ा देते हैं और जब विरोध होता है, तो अपने फैसले से पलट जाते हैं तथा कहते हैं कि एंट्री टैक्स नहीं बढ़ाया गया है। अगर ऐसा है, तो टोल बैरियर पर किस बात का विरोध पंजाब की ट्रक यूनियनें कर रही हैं। सच्चाई यह है कि जनता को बेवकूफ बनाने के लिए सीएम ने एंट्री टैक्स पर फैसला वापस ले लिया और हकीकत में टोल बढ़ा दिए। यही नहीं, सदन में भी सरकार विपक्ष के सवालों के आगे औंधे मुंह गिरी है।
विश्व चक्षु ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू कौन सा मुंह लेकर जनता के पास जाएंगे। अब तो नोबत यह है कि खुद सरकार के विधायक ही मुख्यमंत्री सुक्खू को कोस रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया