पालमपुर बना भू-माफियाओं का केंद्र, मंदिरों और मठों की जमीनें भी सुरक्षित नहीं : संजय शर्मा
धर्मशाला, 14 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने पालमपुर क्षेत्र में कथित तौर पर बढ़ रही भू-माफियाओं की गतिविधियों को लेकर प्रदेश सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पालमपुर भू-माफियाओं का केंद्र बनता जा रहा है और यहां जमीनों पर कब्जा करने के लिए साम, दाम, दंड और भेद की नीति अपनाई जा रही है। शर्मा ने कहा कि स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि आम लोगों के साथ-साथ मंदिरों और मठों की जमीनें भी सुरक्षित नहीं हैं।
शनिवार को धर्मशाला में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए संजय शर्मा ने लहाला स्थित अनंत राम मंदिर (मठ) की जमीन का मामला उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी कुछ लोगों ने कथित फर्जी वसीयत के आधार पर मंदिर की जमीन एक महिला के नाम करवाने का प्रयास किया है। उनके अनुसार मंदिर की कुल 36 कनाल 7 मरले जमीन को कब्जाने की कोशिश पहले भी वर्ष 2010 में की गई थी।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मंदिर या धार्मिक संस्था की जमीन से संबंधित वसीयत कानूनन मान्य नहीं है, तो राजस्व विभाग के अधिकारियों ने इस मामले में ऐसी प्रक्रिया कैसे होने दी। उन्होंने पूरे प्रकरण की राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर जांच करवाने की मांग की।
भाजपा प्रवक्ता ने पालमपुर क्षेत्र में स्थित शक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट से जुड़े मामले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट तक पहुंचने के लिए जंगल में 100 से अधिक पेड़ों को काटकर करीब 10 किलोमीटर लंबी सड़क बना दी गई, लेकिन वन विभाग की ओर से इस मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने पूछा कि आखिर इतने बड़े स्तर पर कथित अवैध निर्माण और पेड़ों की कटाई प्रशासन की नजरों से कैसे बची रही। संजय शर्मा ने एक महिला के मामले को भी उठाते हुए आरोप लगाया कि उक्त महिला को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि महिला ने दो दिन पहले प्रधानमंत्री से अपनी जान की सुरक्षा की गुहार लगाई थी। शर्मा के अनुसार महिला को रातोंरात किराये का मकान खाली करने के लिए मजबूर किया गया और उसका सामान सड़क पर फेंक दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।
भाजपा प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री से इन सभी मामलों का संज्ञान लेने की मांग करते हुए कहा कि सरकार को प्रशासन, पुलिस, राजस्व और वन विभाग के अधिकारियों को निष्पक्ष जांच के निर्देश देने चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक या अन्य दबाव में आए बिना मामलों की जांच होनी चाहिए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस मौके पर प्रदेश भाजपा सह मीडिया प्रभारी विश्वचक्षु भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया