सुक्खू राज में कुशासन, भ्रष्टाचार और जनविरोधी शासन : राकेश शर्मा
धर्मशाला, 01 मार्च (हि.स.)।
हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा सुक्खू सरकार पर कुशासन, भ्रष्टाचार और जनविरोधी शासन का आरोप लगाते हुए कहा कि करोड़ों ऋण लेने के बाद भी सरकार खजाना खाली होने का ढोंग कर रही है। जिससे साफ है कि सरकार ने बहुत बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रखा है। उन्होंने कहा प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता के समक्ष श्वेत पत्र जारी करे कि सरकार ने करोड़ों का ऋण कहां खर्च किया, जबकि पिछले 3 सालों से प्रदेश में विकास रुका हुआ है।
उन्होंने कहा कि महंगाई हटाने का वादा कर सत्ता में आई कांग्रेस ने आते ही डीजल के दामों में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि कर दी। उसके तीन महीने बाद दोबारा 3.50 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि कर दी। इस प्रकार प्रदेश में यात्री भाड़ा बढ़ गया, माल भाड़ा बढ़ गया, आवागमन का खर्च बढ़ गया और जनता पर भारी बरसात के साथ-साथ कांग्रेस सरकार की मार भी पड़ गई। सरकारी टोल टैक्स बढ़ाकर दूसरे प्रदेशों से आने वाले पर्यटकों को रोकने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि एक और सबको सरकार प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कर रही है कहीं दूसरी ओर पर्यटक हिमाचल को छोड़ अन्य पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा ने कहा कि पुलिस को रोकने को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह अभूतपूर्व स्थिति है कि देश की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोपियों को पकड़ने आई दिल्ली पुलिस के जवानों को ही हिमाचल पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि धूमिल करने वाले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बचाने के लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार सक्रिय भूमिका निभा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया