कांग्रेस ने सुलह का विकास किया ठप, भाजपा लौटेगी तो रफ्तार होगी दोगुनी : विपिन सिंह परमार
धर्मशाला, 28 फ़रवरी (हि.स.)। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सुलह विधानसभा क्षेत्र के विधायक विपिन सिंह परमार ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता में आते ही कांग्रेस ने सुलह विधानसभा क्षेत्र के विकास पर सुनियोजित तरीके से ब्रेक लगा दिया। जिन योजनाओं से आम जनमानस को सीधा लाभ मिल रहा था, उन्हें या तो बंद कर दिया गया या उनकी गति जानबूझकर धीमी कर दी गई।
परमार ने कहा कि वर्ष 2017 से 2022 तक पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सुलह में विकास की ऐतिहासिक नींव रखी गई। वर्ष 2022 में 148.68 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। इनमें 37.55 करोड़ रुपये की लिफ्ट ड्रिंकिंग वॉटर सप्लाई स्कीम, रौड़ा पंचायत के लिए 1.52 करोड़ की जल जीवन मिशन योजना, भौड़ा-ठंडोल के लिए 4.66 करोड़ की लिफ्ट वॉटर स्कीम जैसी योजनाएं शामिल थीं।
उन्होंने कहा कि सुलह हलके में लगभग 300 करोड़ रुपये सड़कों, पुलों और भवनों पर व्यय किए गए, जिनमें 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके थे। 14 नई पंचायतों का गठन कर प्रशासनिक विकेंद्रीकरण को मजबूती दी गई।
स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए परमार ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए प्रदेश को 2302 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया, जो पिछले वर्ष से 582 करोड़ अधिक था। थुरल अस्पताल को 100 बेड के सिविल अस्पताल में अपग्रेड किया गया। टांडा मेडिकल कॉलेज में 40 करोड़ रुपये की लागत से मदर-चाइल्ड यूनिट स्थापित की गई।
परमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही आयुष्मान भारत और हिमकेयर जैसी योजनाओं को निष्क्रिय करने का प्रयास किया। गरीब परिवारों को मिलने वाली मुफ्त इलाज की सुविधा पर असर पड़ा और विकास कार्यों की रफ्तार थम गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया