2027 में कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए कमर कस लें भाजपा कार्यकर्ता : विपिन सिंह परमार

 


धर्मशाला, 08 अगस्त (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का चुनाव नहीं होगा, बल्कि हिमाचल प्रदेश को कांग्रेस के कुशासन, भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और झूठे वादों से मुक्त कराने का जनसंकल्प होगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अभी से कमर कस लें और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुट जाएं।

चंबा जिला के डलहौजी व भटियात विधानसभा क्षेत्र के मंडलों में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती तथा आगामी तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर मंडल मोर्चों के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की कार्यकारिणी बैठक में सहभागिता करते हुए विपिन सिंह परमार ने कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन उसकी सबसे बड़ी ताकत है और मंडल, मोर्चा, बूथ तथा पन्ना स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही आगामी चुनाव में पार्टी की विजय का आधार बनेगी।

परमार ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से संवाद करें और कांग्रेस सरकार की वास्तविकता जनता के सामने रखें।

उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश का कोई ऐसा वर्ग नहीं है जो कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से परेशान न हो। परमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार की सबसे बड़ी पहचान झूठे वादे, राजनीतिक बदले की भावना, संस्थानों की अनदेखी और प्रदेश पर बढ़ता आर्थिक बोझ बन चुकी है। जनता अब भाषण और घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहती है।

वहीं चंबा में दिए गए अपने वक्तव्य को संदर्भ से काटकर प्रचारित किए जाने पर विपिन सिंह परमार ने कांग्रेस और उसके आईटी सेल पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनके वक्तव्य को जानबूझकर संदर्भ से काटकर, तोड़-मरोड़कर और भ्रामक रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, ताकि राजनीतिक भ्रम पैदा किया जा सके। परमार ने स्पष्ट किया कि उनका परामर्श कांग्रेस और उसके नेताओं के लिए था, क्योंकि कांग्रेस में विपक्षी नेताओं के प्रति अभद्र और अमर्यादित भाषा के प्रयोग की होड़ लगी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया