108 व 102 एंबुलेंस सेवाओं से जुड़े कर्मी 6 अप्रैल से जाएंगे हड़ताल पर
धर्मशाला, 26 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में 108 व 102 एंबुलेंस सेवाओं से जुड़े कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। तय कार्यक्रम के मुताबिक 6 से 10 अप्रैल तक सभी कर्मचारी 5 दिनों तक मुख्य कार्यालय शिमला में दिन-रात हड़ताल पर रहेंगे। इस संबंध में कर्मियों की यूनियन ने प्रबंधन को लिखित सूचना सौंप दी है, जिससे आने वाले समय में आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। 102 व 108 एंबुलेंस
कर्मचारी यूनियन के जिला कांगड़ा अध्यक्ष प्रशांत ने बताया कि कर्मियों ने अपने नोटिस में मेडसवान फाउंडेशन तथा जी.वी.के.ई.एम.आर.आई. के प्रबंधन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए हैं। इनमें सेवा की निरंतरता और वरिष्ठता से जुड़े मामलों को प्रमुखता से रखा गया है। उन्होंनें कहा कि यूनियन की मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे कर्मियों में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
हड़ताल होने की स्थिति में प्रदेश की 108 व 102 एंबुलेंस सेवाएं बाधित हो सकती हैं, जिससे मरीजों को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा मिलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, प्रबंधन की ओर से अभी तक इस विषय पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन और प्रबंधन इस मामले का समाधान किस प्रकार निकालते हैं, ताकि आम जनता को परेशानी न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया