कांगड़ा जिला में 18 सितम्बर को 3.72 लाख बच्चों को पिलाई जाएगा कृमिनाशक दवा : अतिरिक्त उपायुक्त

 


धर्मशाला, 21 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी)-2026 के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त कार्यालय में जिला कांगड़ा स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा विनय कुमार ने की। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन 18 सितंबर को किया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने सभी संबंधित विभागों को एनडीडी के सफल क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के लिए कृमि नाशक दवा दी जाएगी, जबकि 2 से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक बच्चे को इस अभियान के तहत कवर किया जाए। उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में लगभग 3 लाख 72 हजार पात्र बच्चों को कृमिनाशक दवा की खुराक देने का लक्ष्य रखा गया है।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. राजेश सूद ने बैठक में एनडीडी को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने एनडीडी की सफलता के लिए शिक्षा, महिला एवं बाल विकास सहित सभी संबंधित विभागों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. दुष्यंत ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के तहत 18 सितंबर को प्री-स्कूल एवं स्कूल जाने वाले पात्र बच्चों को भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया