कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार की जद में आएंगे तीन प्राथमिक स्कूल

 


धर्मशाला, 23 अक्टूबर (हि.स.)।

कांगड़ा एयरपोर्ट के प्रस्तावित विस्तार की जद में आने वाले तीन प्राथमिक स्कूलों को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है। इच्छी, गग्गल और रछियालू के प्राथमिक स्कूलों को शिफ्ट करने के लिए शिक्षा विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे स्वीकृति के लिए प्रदेश सरकार को भेजा जाएगा। सरकार से मंजूरी और निर्देश मिलने के बाद ही स्कूलों को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा बलविंदर सिंह गुलेरिया ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार की प्रस्तावित साइट के दायरे में तीन प्राथमिक स्कूल आ रहे हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग वैकल्पिक स्थानों पर स्कूलों को स्थानांतरित करने की योजना बना रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ एयरपोर्ट विस्तार के कार्य में भी किसी तरह की बाधा न आने देना है।

उन्होंने बताया कि इच्छी प्राथमिक स्कूल को करीब 500 से 600 मीटर दूर स्थित बल्ला मटौर स्कूल में स्थानांतरित करने पर विचार किया जा रहा है। बल्ला मटौर स्कूल का भवन बेहतर स्थिति में है और वहां चारदीवारी भी बनी हुई है। ऐसे में इच्छी स्कूल के विद्यार्थियों को यहां शिफ्ट करने की संभावना तलाशी जा रही है।

वहीं, गग्गल प्राथमिक स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या कम हो रही है। यहां पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे प्रवासी परिवारों से संबंधित हैं। भविष्य में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था का प्रस्ताव भी तैयार किया है। इसके तहत गग्गल स्कूल को करीब डेढ़ किलोमीटर दूर चैतडू के पास स्थित कंदरहेड़ केंद्रीय प्राथमिक स्कूल में स्थानांतरित करने पर विचार किया जा रहा है। इस स्कूल में पर्याप्त कमरे और खेल मैदान की सुविधा उपलब्ध है।

वहींरछियालू प्राथमिक स्कूल को स्थानांतरित करने के लिए भी विभाग उपयुक्त भवन और स्थान की तलाश कर रहा है। बलविंदर सिंह गुलेरिया ने बताया कि तीनों स्कूलों को शिफ्ट करने संबंधी प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद ही विद्यार्थियों और शिक्षकों को वैकल्पिक स्कूलों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया