कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में परिसर भर्ती आयोजित

 


धर्मशाला, 27 मई (हि.स.)। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संगठन के अंतर्गत मानव संसाधन विकास एवं प्लेसमेंट केंद्र द्वारा निच ग्रुप ऑफ कम्पनीज़ के सहयोग से 24 एवं 25 मई को दो दिवसीय परिसर भर्ती अभियान का सफल आयोजन किया गया।

इस भर्ती अभियान में विश्वविद्यालय के चारों संघटक महाविद्यालयों, कृषि महाविद्यालय, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय तथा आधारभूत विज्ञान महाविद्यालय के 74 स्नातकोत्तर एवं पीएचडी विद्यार्थियों ने भाग लिया। विभिन्न विषयों से संबंधित विद्यार्थियों ने कम्पनी प्रतिनिधियों द्वारा आयोजित साक्षात्कार प्रक्रिया में सहभागिता की। यह भर्ती अभियान निच ग्रुप की विभिन्न इकाइयों; निच एग्रीकल्चर, निच एग्रीकल्चर एंड फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड, निच फिल्म फार्म, निच बायोटेक एंड इन्फोटेक तथा निच रेसिंग एंड लाइवस्टॉक के सहयोग से आयोजित किया गया।

इस अवसर पर कुलपति अशोक कुमार पांडा ने विद्यार्थियों को रोजगार अवसरों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया तथा साक्षात्कार की तैयारी एवं व्यावसायिक उन्नति से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए। उन्होंने हरिशरण देवगन के प्रति विश्वविद्यालय में अकादमिक-औद्योगिक सहयोग को सुदृढ़ बनाने हेतु आभार व्यक्त किया।

कुलपति ने विद्यार्थियों के लिए सार्थक रोजगार अवसर उपलब्ध करवाने में मानव संसाधन विकास एवं प्लेसमेंट केंद्र तथा छात्र कल्याण संगठन के प्रयासों की भी सराहना की। साक्षात्कार प्रक्रिया का संचालन मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंकज बंसल एवं उनकी भर्ती टीम द्वारा प्रत्यक्ष रूप से किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया