जमा दो की मेरिट सूची में कांगड़ा जिला रहा अव्वल, टॉप 10 में 32 छात्र शामिल
धर्मशाला, 04 मई (हि.स.)।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित जमा दो की मेरिट सूची में जिला कांगड़ा ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता साबित की है। प्रदेश भर की मेरिट सूची में कांगड़ा जिला 32 टॉपर्स के साथ पहले स्थान पर रहा है। विशेष बात यह है कि कांगड़ा ने अपना पुराना दबदबा कायम रखते हुए पिछले साल की तरह इस बार भी प्रदेश में सबसे ज्यादा टॉपर देने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। पिछले वर्ष के परीक्षा परिणामों में भी जिला कांगड़ा से सर्वाधिक विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में जगह बनाई थी और इस वर्ष भी 32 मेधावियों के साथ कांगड़ा ने अपनी बढ़त बनाए रखी है। जिले के इन होनहारों ने आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स तीनों संकायों में शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया है कि कांगड़ा शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे रहा है।
ऊना और मंडी ने भी दिखाया दम
मेरिट सूची में जिलों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। कांगड़ा के बाद ऊना जिला 24 टॉपर्स के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि मंडी जिला 15 मेधावियों के साथ तीसरे पायदान पर काबिज हुआ। प्रदेश के निचले क्षेत्रों के साथ-साथ पहाड़ी जिलों के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
शिक्षा बोर्ड की इस मेरिट लिस्ट में हमीरपुर जिला 12 टॉपर्स के साथ चौथे स्थान पर रहा। वहीं, सोलन और बिलासपुर जिलों के नौ-नौ विद्यार्थियों ने टॉप-10 में जगह बनाकर संयुक्त रूप से पांचवां स्थान हासिल किया। इसके बाद छठे स्थान पर संयुक्त रूप से शिमला, कुल्लू और चंबा जिले रहे, जबकि सिरमौर जिला सातवें पायदान पर रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया