कंगना पर एफआईआर को लेकर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने
शिमला, 14 नवंबर (हि.स.)। भाजपा सांसद कंगना रनौत की सोशल मीडिया पोस्ट पर शिमला में दर्ज एफआईआर को लेकर हिमाचल प्रदेश में सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई को सही ठहराया है, जबकि विपक्षी दल भाजपा ने इसे राजनीतिक बदले की भावना से उठाया गया कदम बताया है।
सुक्खू सरकार में राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कंगना की टिप्पणियों को झूठा और तथ्यहीन बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई का समर्थन किया है। वहीं नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एफआईआर पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की ओर से जारी पुस्तक ऐतिहासिक है। इसमें कई दशकों की घटनाओं का विस्तार से उल्लेख किया गया है। पुस्तक में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की भूमिका का भी विश्लेषण किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुस्तक में दर्ज तथ्यों का जवाब देने के बजाय भाजपा और आरएसएस के नेता निचले स्तर की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुस्तक में लिखी बातों से भाजपा और आरएसएस तिलमिला गए हैं।
नेगी ने कहा कि किसी व्यक्ति की छवि खराब करने के लिए झूठी और तथ्यहीन बातें प्रचारित करना उचित नहीं है। सोशल मीडिया पर की गई कोई टिप्पणी मानहानिकारक है या उसमें गलत तथ्य दिए गए हैं तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने एफआईआर को बदले की भावना से जोड़ने पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें बदले की भावना कहां से आ गई? देश के लिए योगदान देने वाले व्यक्ति और उनके परिवार के बारे में बिना तथ्यों के आरोप लगाना स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक रूप से लगाए गए आरोपों को साबित करना भी जरूरी है।
उधर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। कंगना रनौत ने भी अपनी निजी राय रखी है लेकिन सुक्खू सरकार अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला कर रहे हैं जो लोग उनके खिलाफ बोलते हैं उन पर एफआईआर कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सोशल मीडिया के माध्यम से सैकड़ों लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। कांग्रेस से जुड़े सोशल मीडिया पेजों पर भाजपा के प्रदेश और राष्ट्रीय नेताओं के खिलाफ भी गंभीर टिप्पणियां की जाती हैं, लेकिन भाजपा की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होती। कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।
सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्रियों को लेकर पोस्ट पर एफआईआर
ग़ौरतलब है कि इस मामले में मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ 13 नवंबर को शिमला के बालूगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। यह कार्रवाई कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के विदेशी मूल और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी व राजीव गांधी सहित संजय गांधी की मौतों से जुड़ी सोशल मीडिया टिप्पणियों को लेकर की गई शिकायत पर हुई। शिकायतकर्ता अतुल शर्मा ने कंगना के सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट से 10 नवंबर को साझा की गई पोस्ट पर आपत्ति जताई थी।
शिकायत के अनुसार कंगना ने गांधी परिवार से जुड़ा एक पुराना वीडियो साझा किया था। इसमें सोनिया गांधी को 'रहस्यमयी विदेशी नागरिक' बताते हुए इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों का जिक्र उनके राजनीतिक उत्थान के संदर्भ में किया गया था। पोस्ट में 'हाउ कन्वीनिएंट' यानी 'कितना सुविधाजनक' जैसी टिप्पणी भी की गई थी।
तीन धाराओं में मामला दर्ज
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि पोस्ट में तीनों नेताओं की मौतों और उसके बाद हुई राजनीतिक घटनाओं को एक साथ प्रस्तुत कर संदेह पैदा करने वाला कथानक बनाया गया है। उन्होंने आशंका जताई थी कि इस तरह की सामग्री से विदेशी मूल के आधार पर किसी व्यक्ति या समूह के प्रति नकारात्मक भावनाएं पैदा हो सकती हैं। उन्होंने पोस्ट के मूल लिंक, प्रकाशन की तारीख और समय सहित डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने तथा साझा किए गए वीडियो के स्रोत और वास्तविक संदर्भ की जांच करने की मांग की थी।
शिमला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2), 196(1)(बी) और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा