अनुराग ठाकुर के प्रयासों से बदली भोरंज की सड़कों की तस्वीर, वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विकास कार्य ठप : कमलेश कुमारी
हमीरपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। भोरंज विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा कमलेश कुमारी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों के कार्यों में प्रदेश सरकार के उदासीन रवैये पर कड़ा रोष प्रकट किया है।
उन्होंने कहा कि पट्टा से अवाह देवी, बढार चौक से झनिकर, केहरवीं से सुलगवान, टिक्कर भरयाइयां से मनोह तथा बस्सी से तताहर जैसी महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण कार्य प्रदेश सरकार से अपेक्षित सहयोग न मिलने के कारण आज भी अधूरा पड़ा है। प्रदेश सरकार जानबूझकर इन विकास कार्यों में देरी कर रही है, ताकि इन सड़कों का श्रेय भारतीय जनता पार्टी को न मिल सके। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राजनीतिक द्वेष के चलते क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है।
कमलेश कुमारी ने कहा कि उनके विधायक कार्यकाल के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वर्तमान सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के विशेष सहयोग से केंद्र सरकार द्वारा भोरंज विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत करवाई गई थी। इनमें भरेड़ी से सुलगवान, कांगू गलू से अमरोहा, बस्सी से अवाह देवी वाया बधानी, डेरा परोल से अवाह देवी वाया बगवाड़ा, ढो से टिक्कर खतरीयां, धरियाड़ा से पंजोत तथा बस्सी से मनोह सहित अनेक महत्वपूर्ण सड़कें शामिल हैं। इन सड़कों का निर्माण वर्ष 2022 तक पूर्ण करवाया गया, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा प्राप्त हुई।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर का भोरंज विधानसभा क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाने पर आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा