शिमला जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव टला, नहीं पहुंचा एक भी सदस्य
शिमला, 03 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव सोमवार को नहीं हो सका। चुनाव के लिए बुलाई गई बैठक में 25 सदस्यीय जिला परिषद का एक भी निर्वाचित सदस्य नहीं पहुंचा। आवश्यक कोरम पूरा नहीं होने के कारण चुनाव प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी। अब प्रशासन नई तारीख तय कर दोबारा बैठक बुलाएगा।
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बताया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए बैठक तय कार्यक्रम के अनुसार बुलाई गई थी, लेकिन किसी भी निर्वाचित सदस्य की अनुपस्थिति के कारण बैठक की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी।
उन्होंने कहा कि पहली बैठक में दो-तिहाई सदस्यों की उपस्थिति जरूरी होती है। चूंकि यह कोरम पूरा नहीं हुआ, इसलिए चुनाव नहीं कराया जा सका।
उन्होंने बताया कि अब नियमानुसार दूसरी बैठक बुलाई जाएगी। दूसरी बैठक में 50 प्रतिशत सदस्यों की उपस्थिति आवश्यक होगी। यदि आवश्यक कोरम पूरा हो जाता है तो अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि अगली बैठक की तारीख जल्द तय की जाएगी और इसकी सूचना सभी सदस्यों को समय पर दी जाएगी।
अनुपम कश्यप ने यह भी कहा कि प्रशासन यह जानकारी लेगा कि सभी सदस्य बैठक में अनुपस्थित क्यों रहे। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला परिषद शिमला में कुल 25 निर्वाचित सदस्य हैं। इनमें 11 सदस्य भाजपा समर्थित, नौ सदस्य कांग्रेस समर्थित और पांच निर्दलीय हैं। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में बहुमत के लिए 13 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में निर्दलीय सदस्यों की भूमिका अहम मानी जा रही है।
सोमवार को किसी भी सदस्य के बैठक में नहीं पहुंचने के बाद जिला परिषद की राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि, किसी भी दल या सदस्य ने बैठक से अनुपस्थित रहने का आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया है। अब सभी की नजर प्रशासन की ओर से बुलाई जाने वाली अगली बैठक और उसमें होने वाली चुनाव प्रक्रिया पर टिकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा