खराब मौसम के चलते जेपी नड्डा का केलांग दौरा टला, आईसीएमआर अनुसंधान केंद्र का शिलान्यास समारोह स्थगित
शिमला, 10 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का 11 जुलाई को प्रदेश के लाहौल एवं स्पीति जिले के केलांग में प्रस्तावित दौरा स्थगित कर दिया गया है। उनके हाथों होने वाला भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के उच्च हिमालयी चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य अनुसंधान केंद्र का शिलान्यास समारोह भी फिलहाल टाल दिया गया है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार लाहौल एवं स्पीति क्षेत्र में लगातार मूसलाधार बारिश और भूस्खलन के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शिलान्यास कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी। मंत्रालय ने इस बदलाव से होने वाली असुविधा के लिए खेद भी जताया है।
यह अनुसंधान केंद्र स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के तहत आईसीएमआर की ओर से स्थापित किया जाना है। आईसीएमआर के अनुसार केलांग में पहले से संचालित फील्ड स्टेशन को विकसित कर इसे एक पूर्ण बहुविषयक अनुसंधान केंद्र बनाया जाएगा। यह देश का पहला ऐसा समर्पित केंद्र होगा, जहां उच्च हिमालयी क्षेत्रों और वहां की विशेष स्वास्थ्य चुनौतियों पर व्यापक अनुसंधान किया जाएगा।
आईसीएमआर के अनुसार केंद्र में अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मानव शरीर पर पड़ने वाले प्रभाव, पर्वतीय चिकित्सा, जलवायु परिवर्तन से जुड़ी स्वास्थ्य चुनौतियां, संक्रामक और गैर-संचारी रोग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, पर्यावरणीय एवं व्यावसायिक स्वास्थ्य तथा आपदा चिकित्सा जैसे विषयों पर अध्ययन किया जाएगा।
संस्थान का कहना है कि दूरदराज के इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म, टेलीमेडिसिन, ड्रोन आधारित स्वास्थ्य सेवा आपूर्ति प्रणाली और रियल टाइम जनस्वास्थ्य निगरानी प्रणाली जैसी आधुनिक तकनीकों का भी उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही यह केंद्र सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन, हिमाचल प्रदेश सरकार और देश-विदेश के विभिन्न शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों के सहयोग से भी काम करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा