अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए गांधी परिवार की चापलूसी कर रही सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर
शिमला, 19 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि साढ़े तीन वर्ष से अधिक के कार्यकाल में सरकार के पास बताने के लिए अपनी कोई उल्लेखनीय उपलब्धि नहीं है। यही कारण है कि वह पहले से संचालित संस्थानों और योजनाओं का नाम गांधी-नेहरू परिवार के नाम पर रखकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
जयराम ठाकुर ने रविवार काे शिमला से जारी बयान में कहा कि सरकार ने अपने नाम और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नाम से कई योजनाएं शुरू कीं, लेकिन वे प्रदेशवासियों के लिए केवल छलावा साबित हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाओं के क्रियान्वयन से अधिक धन उनके प्रचार-प्रसार पर खर्च किया गया। उन्होंने कहा कि प्यारी बहना सुख-समृद्धि योजना के लिए आवेदन करने वाली महिलाएं अब भी लाभ मिलने का इंतजार कर रही हैं, जबकि सरकार लगातार पात्रता की शर्तें बदलकर लोगों को भ्रमित कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की उपलब्धियां केवल संस्थानों को बंद करने, पूर्व सरकार की योजनाओं का बजट रोकने, डेढ़ लाख से अधिक पद समाप्त करने और हजारों लोगों को रोजगार से वंचित करने तक सीमित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार न तो स्थायी रोजगार दे रही है और न ही अस्थायी रोजगार के अवसर छोड़ रही है।
केंद्र सरकार के सहयोग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केंद्र की योजनाओं का श्रेय तो लेते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के योगदान का जिक्र नहीं करते। उन्होंने दावा किया कि मेडिकल पीजी सीटों के विस्तार सहित कई योजनाओं में केंद्र सरकार ने बड़ा वित्तीय सहयोग दिया है, जिसके बावजूद राज्य सरकार लगातार केंद्र की आलोचना कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला