अधिशाषी अभियंता के साथ अभद्रता पर जेई एसोसिएशन का विरोध, कड़ी कार्रवाई की मांग

 

मंडी, 23 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल जूनियर इंजीनियर्स एसोसिएशन लोनिवि मंडी जोन ने हाल ही में जिला मंडी के धर्मपुर में हुई घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। एसोसिएशन के अनुसार एक व्यक्ति विशेष द्वारा लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष इंजीनियर प्रशांत शर्मा, महासचिव इंजीनियर धवल कुमार, प्रेस सचिव विकाश गुलेरिया, वरिष्ठ उपप्रधान देव राज ठाकुर ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल सरकारी कर्मचारियों के मनोबल को गिराती हैं, बल्कि उनके कार्य निष्पादन में भी बाधा उत्पन्न करती हैं। उन्होंने हिमाचल सरकार और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मांग की है कि आरोपी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी सरकारी कर्मचारी के साथ इस तरह का व्यवहार करने का साहस न कर सके।

इसके अतिरिक्त एसोसिएशन ने सरकार से यह भी मांग की है कि सरकारी कार्यालयों में अनाधिकृत व्यक्तियों द्वारा वीडियोग्राफी पर सख्त प्रतिबंध लगाया जाए और इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आगामी रणनीति बनाने के लिए बाध्य होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा