मंडी में मनाया जा रहा जनजाति गौरव दिवस सप्ताह, भगवान बिरसा मुंडा के योगदान पर हुई चर्चा

 


मंडी, 12 नवंबर (हि.स.)। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से जनजाति गौरव दिवस सप्ताह के उपलक्ष्य में जिला मंडी में विशेष चर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजाति गौरव दिवस के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला मंडी प्रभारी एवं प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक पप्पू कुमार ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सुनील नेगी के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी 14 संगठनात्मक जिलों में जनजाति गौरव दिवस सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंडी जिला में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। वर्ष 2014 से पहले जनजातीय विकास का बजट 4,497 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 14,900 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

उन्होंने बताया कि विशेष रूप से कमजोर 75 जनजातीय समूहों के विकास के लिए वर्ष 2023 में 24,104 करोड़ रुपये की पीएम जनमन योजना शुरू की गई। वहीं, 63 हजार से अधिक गांवों के करीब पांच करोड़ लोगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से वर्ष 2024 में 79,156 करोड़ रुपये के धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की शुरुआत की गई।

पप्पू कुमार ने कहा कि जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए देशभर में 728 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए विभिन्न छात्रवृत्ति और फैलोशिप योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार द्वारा अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन, वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस घोषित करना और देश को पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देना जनजातीय समाज के सम्मान और उत्थान के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा