पंचायती राज चुनावों में भाजपा की जीत से कांग्रेस में बेचैनी : जयराम ठाकुर

 


नाहन, 28 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने साेमवार काे पांवटा साहिब में आयोजित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों में प्रदेशवासियों ने भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर भरोसा जताया है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में अब तक हुए 11 जिला परिषद चुनावों में भाजपा ने 10 में जीत दर्ज की है, जबकि पांवटा साहिब में 95 प्रतिशत से अधिक भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजयी हुए हैं। उन्होंने इसके लिए मतदाताओं का आभार जताया।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस के मंत्री और विधायक विचलित हैं। उनके अनुसार कांग्रेस के विभिन्न धड़े दिल्ली में एक-दूसरे पर हार की जिम्मेदारी डालने में जुटे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सरकार चलाने के बजाय अपने राजनीतिक गुट को मजबूत करने में लगे हैं और सरकार में ‘मित्र मंडली’ का प्रभाव बढ़ गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार पर पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में खोले गए संस्थानों को बंद करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनहित में विभिन्न योजनाएं शुरू कीं, जबकि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद बड़ी संख्या में स्कूल, अस्पताल और अन्य संस्थान बंद किए। उन्होंने कहा कि भाजपा का मॉडल सुविधाएं उपलब्ध कराने का है, जबकि कांग्रेस सरकार सुविधाएं बंद करने में लगी है।

जयराम ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने चुनाव परिणामों के माध्यम से सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनाव करवाने के लिए सर्वोच्च न्यायालय तक लड़ाई लड़ी और न्यायालय के निर्देशों के बाद चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर