युवाओं को पांच साल की अस्थाई नौकरी देकर प्रदेश के भविष्य को एडहॉक व्यवस्था की ओर धकेल रही सरकार : जयराम ठाकुर
शिमला, 24 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार हर दिन प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। चुनाव के समय युवाओं को पक्की नौकरी देने की कसमें खाई गई थीं, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार अस्थाई नियुक्तियों की नई-नई व्यवस्था लेकर आ रही है। मुख्यमंत्री केवल अपने मित्रों को लाभ पहुंचाने में व्यस्त हैं और प्रदेश के संसाधनों का उपयोग युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के बजाय अस्थाई व्यवस्था को बढ़ावा देने में किया जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि सरकार की इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 के तहत आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी संस्थानों में अस्थाई शिक्षकों की नियुक्ति का प्रावधान किया गया है। यह नीति प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ भद्दा मजाक है। उन्होंने कहा कि जब मुख्य सचिव से लेकर डीजीपी तक अस्थाई व्यवस्था में हैं, तो मुख्यमंत्री अब पूरे प्रदेश को इसी तरह चलाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था न प्रदेश के हित में है, न युवाओं के और न ही शिक्षा व्यवस्था के। सरकार को इस नीति को वापस लेकर अपने वादे के अनुसार नियमित नौकरियों का प्रबंध करना चाहिए।
सेना के सम्मान में प्रदर्शन कर रहे लोगों से बदसलूकी दुर्भाग्यपूर्ण
जयराम ठाकुर ने शिमला में सेना के सम्मान में प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ पुलिस की कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों का लोकतांत्रिक अधिकार है। सेना के अपमान के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर कार्रवाई करना उचित नहीं है। सरकार को लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करना चाहिए।
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा साहिब में माथा टेका
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर लोकल बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर शीश नवाया और प्रदेशवासियों की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए अरदास की।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव की शिक्षाएं मानवता के लिए अमूल्य धरोहर हैं। ‘एक ओंकार’, सेवा, सत्य, समानता और भाईचारे का उनका संदेश आज भी समाज को प्रेरित करता है। गुरु नानक देव जी ने मानवता को भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सम्मान और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव मार्गदर्शक बने रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला