नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर 16 सितम्बर को आएंगे नाहन, भाजपा कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश

 


नाहन, 12 सितंबर (हि.स.)।नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 16 सितम्बर को नाहन में आयोजित होने वाले जन प्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे, जबकि सांसद सुरेश कश्यप बतौर अतिविशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। सम्मेलन में विधायक सुखराम चौधरी, विधायक रीना कश्यप, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर, जिला अध्यक्ष धीरज गर्ग, रेणुका क्षेत्र के भाजपा के पूर्व प्रत्याशी नारायण सिंह सहित अन्य प्रमुख नेता भी भाग लेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आज नाहन में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सम्मेलन की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

डॉ. बिंदल ने बताया कि 16 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे जिला भाजपा कार्यालय नाहन में सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में भाजपा मंडल नाहन-धारटी, भाजपा मंडल माता त्रिलोकपुर एवं भाजपा मंडल माता कटासन के अंतर्गत आने वाले पोलिंग बूथों की समस्त बूथ समितियां, पंचायतों एवं नगर निकायों के नवनिर्वाचित एवं पूर्व प्रतिनिधि, प्रकोष्ठ एवं मोर्चा पदाधिकारी तथा मंडल पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर