जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री मोदी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
शिमला, 17 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने देवभूमि हिमाचल की जनता की ओर से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए मंगलकामनाएं कीं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त, दूरदर्शी एवं निर्णायक नेतृत्व में आज भारत विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। देश का गौरव बढ़ा है और भारत विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को भी विकास की अनेक महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। सड़क एवं परिवहन के विस्तार, स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, पर्यटन को बढ़ावा देने तथा बड़े विकासात्मक प्रोजेक्टों के माध्यम से केंद्र की भाजपा सरकार ने हिमाचल के विकास को निरंतर प्राथमिकता दी है।
नेता प्रतिपक्ष ने ईश्वर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदैव स्वस्थ रखने और देश को उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन का निरंतर लाभ मिलने की कामना की। उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला