पेपर लीक पर सख्त कानून युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की ऐतिहासिक पहल : जयराम ठाकुर
शिमला, 24 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत करते हुए इसे देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक और निर्णायक कदम बताया है।
शुक्रवार को शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता किसी भी प्रतिभा-आधारित व्यवस्था की आधारशिला होती है। पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों मेहनती अभ्यर्थियों के सपनों को तोड़ने के साथ-साथ परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करती हैं। ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा कानून को और अधिक सख्त बनाना तथा पेपर लीक माफिया के खिलाफ कठोर दंड का प्रावधान करना युवाओं के हितों की रक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि संशोधित कानून के तहत दोषियों के लिए अधिकतम 10 वर्ष के कठोर कारावास, 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने और मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था की गई है। इससे परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और विश्वसनीयता और मजबूत होगी तथा ईमानदारी से तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों का विश्वास बढ़ेगा।
जयराम ठाकुर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और कुछ अन्य दल युवाओं के नाम पर राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं। यदि विपक्ष वास्तव में छात्रों के हितों के प्रति गंभीर है तो उसे संसद और विधानसभाओं में रचनात्मक चर्चा के माध्यम से व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में समस्याओं का समाधान संवाद, बहस और विधायी प्रक्रिया से निकलता है, न कि अराजकता और भ्रामक प्रचार से। सभी राजनीतिक दलों को युवाओं के हित में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
इस बीच जयराम ठाकुर ने लाहौल में कडू नाला के समीप पहाड़ी दरकने से कुल्लू से पांगी जा रही टैक्सी के मलबे में दबने की दुखद घटना पर भी गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला