नीट और पेपर लीक मामलों पर कांग्रेस पर बरसे जय राम ठाकुर, सुक्खू सरकार पर दोषियों को बचाने का लगाया आरोप

 


शिमला, 22 जुलाई (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं और हिमाचल प्रदेश में पेपर लीक मामलों को लेकर कांग्रेस तथा राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। बुधवार काे शिमला से जारी बयान में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नीट परीक्षा में अनियमितताओं के सामने आते ही त्वरित और सख्त कार्रवाई की। मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई, दोषियों की गिरफ्तारियां हुईं, कानून के तहत कार्रवाई की गई और पुनर्परीक्षा भी आयोजित कराई गई।

उन्होंने कहा कि पुनर्परीक्षा का परिणाम भी घोषित हो चुका है तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए केंद्र सरकार आवश्यक कानूनी प्रावधान भी कर रही है।

जय राम ठाकुर ने आरोप लगाया कि इसके विपरीत हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार ने पेपर लीक मामलों में सीबीआई द्वारा जिम्मेदार ठहराए गए अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने दावा किया कि सीबीआई की कार्रवाई संबंधी संस्तुति के बावजूद जांच रिपोर्ट को दबाने का प्रयास किया गया और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं की गई।

उन्होंने हालिया पुलिस भर्ती परीक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मामले में भी पेपर लीक के साक्ष्य और मनी ट्रेल सामने आए, लेकिन सरकार ने मामले को दबाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा में मास चीटिंग के आरोप लगाने वाले छात्रों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी, लेकिन सरकार ने उनकी बात सुनने की जरूरत नहीं समझी।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के मुद्दों पर राजनीति कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी से हिमाचल के मुख्यमंत्री से यह जवाब मांगने का आग्रह किया कि पेपर लीक मामलों में दोषियों को बचाने का प्रयास क्यों किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नीट मुद्दे पर युवाओं को भड़काकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है, जबकि केंद्र सरकार ने पारदर्शिता और कानून के दायरे में रहकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला