संगठन को नई ऊँचाइयों पर ले गए जेपी नड्डा : जयराम ठाकुर
शिमला, 20 जनवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को उनके अत्यंत सफल, सशक्त और संगठनात्मक रूप से ऐतिहासिक कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं एवं अभिनंदन दिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की माटी के लाल जेपी नड्डा ने विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के शीर्ष पद पर रहते हुए जिस कुशलता और प्रतिबद्धता से संगठन का संचालन किया, वह प्रत्येक हिमाचलवासी के लिए गर्व का विषय है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी, निर्णायक और प्रेरणादायी नेतृत्व में नड्डा का कार्यकाल संगठन और सरकार के बीच मजबूत समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। इस प्रभावी तालमेल के परिणामस्वरूप भाजपा ने चुनावी राजनीति में शानदार सफलता हासिल की और एक मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड स्थापित किया। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि नड्डा के मार्गदर्शन में पार्टी ने न केवल संगठनात्मक विस्तार किया, बल्कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उल्लेखनीय सफलता पाई।
उन्होंने कहा कि नड्डा के नेतृत्व में भाजपा ने कठिन से कठिन चुनौतियों का दृढ़ता से सामना किया और वैचारिक रूप से अभूतपूर्व मजबूती प्राप्त की। इस कालखंड में देवभूमि हिमाचल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मिली अनेक विकास परियोजनाओं और सौगातों के लिए आभार व्यक्त करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के विकास को गति देने में नड्डा का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
इसके साथ ही उन्होंने संगठन की कमान संभालने वाले नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा राष्ट्र सेवा के पथ पर निरंतर अग्रसर रहेगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक नड्डा का प्रेरक सफर पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला