बदले की भावना से काम कर रही सुक्खू सरकार, विपक्ष के नेताओं को बनाया जा रहा निशाना : जय राम ठाकुर
धर्मशाला, 21 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में हुए पंचायती राज चुनावों के परिणाम मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पहले से ही पता थे, इसीलिए उन्होंने पूरे तंत्र को इस चुनाव से बचने के लिए रास्ता निकालने के लिए लगा रखा था। मुख्यमंत्री के सलाहकारों द्वारा रास्ता निकाला गया कि आपदा का बहाना बनाकर चुनाव रोक दिया जाए, जिससे चुनाव में होने वाली फजीहत से बचा जा सके। लेकिन मुख्यमंत्री की इस साजिश के खिलाफ हम उच्च न्यायालय गए और अपना पक्ष रखा। हाई कोर्ट ने हमारी बात मानी और चुनाव करवाने के आदेश दिए गए, लेकिन मुख्यमंत्री फिर भी नहीं माने और सुप्रीम कोर्ट में भी चुनाव रोकने के लिए लड़ाई लड़ी। इस लड़ाई में उन्होंने वकीलों पर 50-50 लाख रुपये खर्च किए, वहां भी उन्हें हार मिली और मजबूरन चुनाव करवाने पड़े। परिणाम सामने है, कांग्रेस का सुपड़ा साफ है।
सोमवार को कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने यह बात कही।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सरकार सिर्फ बदले की भावना के साथ काम कर रही है। पंचायत से लेकर विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है, ऐसी लड़ाइयों का परिणाम प्रदेश के लिए अच्छा नहीं हुआ है। जो अधिकारी बदले की भावना को हवा दे रहे हैं, उन्हें भी मैं बताना चाहता हूं कि इस सरकार का कोई भविष्य नहीं है। इसलिए इस सरकार के साथ अपना भविष्य जोड़ने की बजाय कानून के दायरे में रहकर नियम के अनुसार काम करें।
जयराम ठाकुर ने नए मुख्यमंत्री कार्यालय के उद्घाटन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जिस कार्यालय से स्वर्गीय डॉ. वाई.एस. परमार से लेकर स्वर्गीय राम लाल, स्वर्गीय वीरभद्र सिंह, शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल और मैंने काम किया, वही कार्यालय अब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के लिए बेकार हो गया। मुख्यमंत्री सुक्खू ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने इसी कार्यालय से योजनाएं बंद कीं, संस्थान बंद किए और विकास के कामों पर रोक लगाई। अब अपने लिए नया कार्यालय बनवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रदेश में आर्थिक संकट का हवाला दिया जा रहा है, दूसरी तरफ करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से नया कार्यालय बनाया जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी को घटिया राजनीतिक सोच बताया। उन्होंने कहा कि लगभग 100 बार लॉन्च किए जाने की फेल कोशिश की कुंठा राहुल गांधी के व्यक्तित्व से झलकने लगी है। जिस तरीके की हरकतें उन्होंने की हैं, वह देश की राजनीति में स्वीकार्य नहीं है। गाली देकर, अभद्र भाषा का प्रयोग करके वह प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं। कांग्रेस और कांग्रेस के युवराज लगातार अपने व्यवहार में घटिया स्तर पर गिरते जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया